छत्तीसगढ़

रायपुर के परिवार में मातम, खाना खाने के बाद 3 सगी बहनों की मौत: इंदौर से शव लाते वक्त तीसरी बच्ची ने इटारसी में दम तोड़ा

रायपुर/इटारसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी एक परिवार की तीन सगी बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मातम पसरा है। परिवार वर्तमान में इंदौर के बेटमा में रह रहा था। खाना खाने के बाद तीनों बच्चियों की तबीयत बिगड़ी। इलाज के दौरान दो बच्चियों की इंदौर में मौत हो गई, जबकि तीसरी ने शव लेकर रायपुर लौटते समय इटारसी के अस्पताल में दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत खाना खाने के बाद बिगड़ी थी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन दोनों के शव एम्बुलेंस से रायपुर ले जा रहे थे।

इसी दौरान 10 वर्षीय आशी की भी रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल ले गए, जहां करीब एक घंटे के इलाज के बाद उसकी भी मौत हो गई।

फूड पॉइजनिंग की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में बच्चियों की मौत का कारण उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। इटारसी पुलिस ने ‘शून्य पर मर्ग’ कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआत बेटमा थाना क्षेत्र से हुई थी, इसलिए केस डायरी संबंधित थाने को भेजी जाएगी।

पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने तीनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button