छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर-रायगढ़ में झमाझम बारिश, तेज हवाओं से बदला मौसम; 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, कल से आगे बढ़ेगा मानसून

रायपुर, 22 जून 2026। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार दोपहर रायपुर, रायगढ़ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 जून से दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून की गतिविधियों में तेजी आने से आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।

मध्य छत्तीसगढ़ में हीट वेव जैसे हालात

बारिश के बावजूद मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने की संभावना भी जताई गई है।

बिलासपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में राहत की बारिश

राजधानी रायपुर में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। शहर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई जगहों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी खबरें सामने आई हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button