संस्कारधानी रायपुर में मचेगी दही-हांडी की धूम :11 लाख के इनाम के लिए जुटेंगे देशभर के गोविंदा, पवनदीप राजन और गीता बेन रबारी बांधेंगे समां

रायपुर, 17 अगस्त 2025 छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पावन धरती गुढ़ियारी एक बार फिर दही-हांडी के भव्य आयोजन का गवाह बनेगी। सार्वजनिक दही-हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर 16वां विशाल दही-हांडी उत्सव आयोजित होने जा रहा है।
आयोजन समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह प्रतियोगिता रविवार, 17 अगस्त 2025 को शाम 4 बजे अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में होगी। इस आयोजन में विजेताओं के लिए कुल 11 लाख रुपये की इनामी राशि रखी गई है। जिसमें पुरुष दही-हांडी विजेताओं के लिए 7 लाख, महिला दही-हांडी विजेताओं के लिए 2 लाख और ग्रीस युक्त खंभा हांडी विजेताओं के लिए 2 लाख रुपये का पुरस्कार तय किया गया है। इसके अलावा 50 और 100 लोगों की टोली को क्रमशः 11 हजार और 21 हजार रुपये सांत्वना पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे।
देशभर से जुटेंगी गोविंदा टोलियां
इस बार प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र से गोविंदा टोलियां हिस्सा लेने पहुंच रही हैं। अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा और कवर्धा की 30 से अधिक टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं। महाराष्ट्र, इंदौर और जबलपुर की प्रसिद्ध टोलियां भी इसमें शामिल होंगी।
सितारों से सजेगी शाम
उत्सव में इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन अपनी सुरीली आवाज से समां बांधेंगे, वहीं मशहूर भजन गायिका गीता बेन रबारी कृष्ण भजनों से माहौल को भक्तिमय करेंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय गायिकाएं पूनम-दिव्या तिवारी, ओडिशा के कलाकारों द्वारा पारंपरिक “घंटा बाजा” और ग्रीस युक्त खंभा चढ़ाई प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण रहेंगे।
सुरक्षा और सुविधा की तैयारी
हजारों दर्शकों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए समिति ने बैठने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस बल, प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।
संयोजक बसंत अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन साल 2010 में एक छोटे से मैदान से शुरू हुआ था, लेकिन आज यह छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देश के बड़े और प्रतिष्ठित दही-हांडी आयोजनों में शामिल हो चुका है।


