गृहमंत्री विजय शर्मा के सख्त तेवर: शराब तस्करों की संपत्ति होगी जब्त, जुआ-सट्टा संचालकों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश

00बस्तर दौरे पर पहुंचे गृहमंत्री ने अफसरों को दिया स्पष्ट संदेश, पुलिस-प्रशासन को जनसहभागिता के साथ कार्रवाई के निर्देश00
जगदलपुर, 7 अगस्त 2025 |
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने साफ किया है कि राज्य में नशे, जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बस्तर प्रवास पर पहुंचे गृहमंत्री ने गुरुवार को जगदलपुर में अफसरों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति दो बार से अधिक शराब तस्करी में पकड़ा जाएगा, उसकी संपत्ति जब्त कर विरूपण किया जाएगा।
गृहमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुआ-सट्टा संचालित करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और दवा व्यापारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर नशा उन्मूलन के प्रयासों को प्रभावी रूप दिया जाए।
OPD सेवा जल्द शुरू करने के निर्देश
गृहमंत्री शर्मा ने डिमरापाल स्थित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में OPD संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नेशनल हाईवे और राज्य मार्गों के किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में व्यवस्थित कॉम्प्लेक्स और दुकानों के निर्माण की बात कही ताकि पंचायतों को राजस्व मिल सके।
सख्त चेतावनी: ट्रैफिक नियमों और अपराधों में लापरवाही नहीं चलेगी
गृहमंत्री ने बैठक में स्पष्ट किया कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गोधन के अवैध परिवहन, ट्रैफिक नियम उल्लंघन और हिट एंड रन मामलों में सख्ती बरती जाए। मोटरयान अधिनियम की गंभीर धाराओं में कार्रवाई करें और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल निलंबित करें।
गृहमंत्री का यह दौरा बस्तर अंचल में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई को गति देने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।



