छत्तीसगढ़
Trending

Korba Jail Break: 25 फीट दीवार फांदकर 4 कैदी फरार, बिजली गुल होते ही सुरक्षाकर्मियों को दिया चकमा, पुलिस ने शुरू किया सघन तलाशी अभियान

कोरबा, 02 अगस्त 2025 जिला जेल कोरबा से चार विचाराधीन कैदियों के फरार होने की सनसनीखेज घटना ने जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। कैदियों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने में सफलता पाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जिलेभर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त जिला जेल में बिजली आपूर्ति बाधित थी। अंधेरे का फायदा उठाकर चारों कैदियों ने दीवार फांद ली और फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि फरार कैदी जेल परिसर के अंदर बीमार मवेशियों की देखरेख के लिए तैनात थे, जिससे उन्हें जेल की आंतरिक गतिविधियों की पूरी जानकारी थी।

जेल के बाहर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी है और फरार कैदियों की तलाश में स्पेशल टीमों को लगाया गया है। घटना ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कैदियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं जेल में इस लापरवाही को लेकर उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button