पद्म विभूषण तीजन बाई से मिलने उनके गांव गनियारी पहुंचे राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, कहा– छत्तीसगढ़ की लोककला की हैं जीवंत प्रतीक

रायपुर, 11 जुलाई 2025।राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आज भिलाई के समीप स्थित गनियारी गांव पहुंचकर विश्वविख्यात पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण सम्मानित लोक कलाकार तीजन बाई से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि “तीजन बाई सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा और सांस्कृतिक पहचान हैं। उन्होंने पंडवानी के माध्यम से महाभारत की कथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ की लोक कला और परंपराओं को पूरे विश्व में पहचान दिलाई है।”
उन्होंने तीजन बाई के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए वह प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी।
इस सौजन्य भेंट ने छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति को लेकर सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान को पुनः रेखांकित किया है।



