छत्तीसगढ़

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न: अरपा घाट पर रात ढाई बजे से जुटने लगे थे श्रद्धालु, महादेव घाट पर रातभर हुई आतिशबाजी

रायपुर, 16 नवंबर। छत्तीसगढ़ में चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। प्रदेशभर में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने नदी, तालाब और सरोवरों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी पूरा हुआ।

प्रदेश में सबसे पहले रायगढ़ में सुबह 6:02 बजे सूर्योदय हुआ। वहीं बिलासपुर के अरपा घाट पर सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। यहां रात करीब ढाई बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह होते-होते घाट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और उनके परिजन जुट गए। महिलाओं ने साज-श्रृंगार कर नदी में उतरकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।

बिलासपुर के अरपा घाट पहुंचे डिप्टी सीएम अरुण साव

छठ महापर्व के अवसर पर डिप्टी सीएम अरुण साव बिलासपुर के अरपा घाट पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। विधायक अमर अग्रवाल और मेयर पूजा विधानी भी घाट पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने परिवार के साथ छठ पूजा में हिस्सा लिया।

रायपुर के महादेव घाट पर रातभर गूंजे भक्ति गीत

राजधानी रायपुर के महादेव घाट पर भी छठ पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां रातभर आतिशबाजी होती रही और छठी मैया के भक्ति गीत गूंजते रहे। सुबह बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने नदी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार के सदस्यों ने व्रती महिलाओं को सिंदूर लगाकर पर्व की परंपराएं निभाईं। घाट पर सुबह से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

दुर्ग-भिलाई, रायगढ़ और अंबिकापुर में भी उमड़े श्रद्धालु

भिलाई के छावनी छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। यहां पूजा के लिए पहुंचे व्रतियों और श्रद्धालुओं को निशुल्क दूध का वितरण भी किया गया। अंबिकापुर के शंकर घाट पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने नदी में उतरकर सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं रायगढ़ में केलो नदी सहित जूटमिल, एसईसीएल और अन्य छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

रविवार शाम डूबते सूर्य को दिया था अर्घ्य

इससे पहले रविवार शाम प्रदेशभर में छठ महापर्व के तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया था। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, रायगढ़, सूरजपुर और बेमेतरा समेत कई जिलों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी।

व्रती महिलाओं ने सूप में ठेकुआ, केला, नारियल और विभिन्न फल सजाकर सूर्यदेव की पूजा की। कई घाटों पर गन्ने के मंडप सजाए गए थे। घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई, सुरक्षा और महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई थी।

चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button