छत्तीसगढ़

स्मृति ईरानी ने विधायकों के साथ शुरू की बैठक : मंत्रियों से भी करेंगी चर्चा, संगठन और सरकार के कामकाज का लेंगी फीडबैक

रायपुर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे के दूसरे दिन सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। सुबह 11 बजे से विधायकों के साथ संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद हैं। इसमें संगठन की मजबूती, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और पार्टी के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

विधायक बैठक में शामिल होने के लिए सुबह से ही भाजपा कार्यालय पहुंचने लगे थे। इनमें राजेश मूणत, गोमती साय, दीपेश साहू, भावना बोहरा, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अजय चंद्राकर और पुन्नूलाल मोहले सहित कई विधायक शामिल हैं। भाजपा नेता रेणुका सिंह समेत अन्य पदाधिकारी भी कार्यालय पहुंचे।

सांसदों और मंत्रियों के साथ भी होगी बैठक

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11:30 बजे से भाजपा सांसदों के साथ बैठक होनी है। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। दोपहर 3 बजे से भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी, जबकि शाम 4:30 बजे विचार परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है।

पहले दिन की बैठकों में कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर शिकायतें सामने आने की जानकारी मिली थी। ऐसे में सोमवार को मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक पर विशेष नजर है। हालांकि, शिकायतें किन मुद्दों पर और किन मंत्रियों को लेकर की गईं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पहले दिन 9 घंटे तक चलीं बैठकें

स्मृति ईरानी ने दौरे के पहले दिन रविवार को करीब 9 घंटे तक संगठन के अलग-अलग स्तर के नेताओं के साथ बैठकें की थीं। इन बैठकों में 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी, संगठन की मजबूती और सरकार-संगठन के बीच बेहतर तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ बैठक में उन्होंने नेताओं से पूछा कि वर्ष 2028 में प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा कैसे बनाई जा सकती है। उन्होंने सभी नेताओं को एकजुट होकर काम करने और संगठन की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।

सूत्रों के अनुसार, बैठकों के दौरान पूर्व विधायकों, सांसदों और निगम-मंडल के अध्यक्षों ने कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। सबसे ज्यादा शिकायतें सांसदों और निगम-मंडल के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में सामने आने की बात कही जा रही है।

सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाने पर जोर

बैठकों में स्मृति ईरानी ने राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने संगठन के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।

सूत्रों के मुताबिक, स्मृति ईरानी सरकार और संगठन के कामकाज से संबंधित रिपोर्ट तथा विस्तृत जानकारी लेकर बैठकों में शामिल हुई थीं। सोमवार को विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और कोर ग्रुप के साथ होने वाली चर्चाओं में संगठन की स्थिति और सरकार के कामकाज का फीडबैक अहम रहने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button