
बिलासपुर, 25 सितम्बर 2026। नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कर्मचारी पर मकान नवीनीकरण से जुड़े काम को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला अपने मकान के नवीनीकरण से संबंधित काम के लिए नगर निगम पहुंचा था। आरोप है कि संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका ने काम कराने के एवज में उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी ACB को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार को शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर कर्मचारी के पास भेजा गया। जैसे ही कर्मचारी ने 10 हजार रुपये लिए, ACB की टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
सामान्य सभा के दौरान पहुंची ACB टीम
जिस समय ACB की कार्रवाई हुई, उस दौरान नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। निगम कार्यालय में ACB टीम के पहुंचने और कर्मचारी के पकड़े जाने की खबर फैलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
ACB की टीम ने कर्मचारी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



