CG Weather Alert: 30 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी, 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

रायपुर, 21 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर समेत प्रदेश के 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और अचानक तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी के लो-प्रेशर से बदलेगा मौसम
मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के आगे बढ़ने के कारण बताया गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। खासकर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
जांजगीर-चांपा में बिजली गिरने से 4 मौतें
जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं।
बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में ग्रामीण बाड़ी में काम कर रहे थे। अचानक मौसम बदलने के बाद बारिश से बचने के लिए वे झोपड़ी में चले गए। इसी दौरान बिजली गिरने से नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) की मौत हो गई।
घटना में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) घायल हुए हैं। तीनों का उपचार जारी है।
वहीं अकलतरा थाना क्षेत्र में CCI प्लांट के पास बिजली गिरने से दूज राम जाटवार (55) की भी मौत हुई है।
बालोद में 70 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इनमें बालोद में 70 मिमी, कवर्धा और कांकेर में 60-60 मिमी, सुकमा में 50 मिमी तथा जगदलपुर, मल्हारकोटा और अंबिकापुर में 40-40 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा पेंड्रा रोड, कुसमी, कोटा, तखतपुर, भाटापारा, डोंगरगढ़, बेमेतरा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, अकलतरा, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश हुई।
रायपुर में आज बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 21 सितंबर को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री रहने का अनुमान है।
⚠️ बिजली गिरने के दौरान रखें सावधानी
भारी बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में पानी भर सकता है। गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए।



