मध्यप्रदेश

कटनी CSP नेहा पच्चीसिया सस्पेंड : 1 करोड़ की जमीन 18 लाख में खरीदने का आरोप; पुलिस कार्यालय सील, जांच शुरू

कटनी। जमीन की खरीद में धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और करीब एक करोड़ रुपये की जमीन महज 18 लाख रुपये में खरीदने के आरोप में कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया पर बड़ी कार्रवाई हुई है। कुठला थाने में CSP समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले का संज्ञान लेते हुए CSP को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

मामले में मारूफ अहमद और क्षितिज राज को भी आरोपी बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। FIR दर्ज होने के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस टीम ने CSP कार्यालय पहुंचकर कार्यालय और स्टाफ कक्ष को सील कर दिया।

बताया जा रहा है कि कार्यालय में मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद हो सकते हैं। इसी वजह से पुलिस ने कार्यालय को सील कर दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया शुरू की है।

मामले में रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह, SI सौरभ सोनी, CSP के रीडर, गनमैन और चालक को भी निलंबित किए जाने की चर्चा है, हालांकि अधिकारियों की ओर से इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में गुरुवार को कुठला थाने में FIR दर्ज की गई थी। CSP नेहा पच्चीसिया पर जमीन की खरीद में धोखाधड़ी के अलावा कुठला थाना क्षेत्र के एक हत्या के मामले में आरोपी को बचाने और आपराधिक षड्यंत्र रचने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। CSP और अन्य आरोपी भी सामने नहीं आए हैं, जबकि उनके बंगले में केवल स्टाफ मौजूद बताया जा रहा है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस और प्रशासन की ओर से अन्य कार्रवाई की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button