छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में तिरंगा यात्रा का दिखा जोश: सीएम साय समेत हजारों लोग हुए शामिल, रास्तेभर फूल बरसे; नाच-गान से गूंजे शहर के मार्ग

रायपुर, 10 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में सोमवार को देशभक्ति का माहौल नजर आया। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से निकली तिरंगा यात्रा सुभाष स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं, वकीलों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री, विधायक, भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लोगों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

यात्रा शुरू होने से पहले इंडोर स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद तिरंगा लहराते हुए लोग पैदल यात्रा के लिए रवाना हुए।

रास्ते में कई जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया। कलाकार भी यात्रा के साथ चलते हुए नाच-गान के जरिए लोगों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। स्कूली छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े।

तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने रोड, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची।

यात्रा के दौरान शहर के इन प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात प्रभावित रहा। सुभाष स्टेडियम पहुंचने के बाद यात्रा का समापन हुआ। पूरी यात्रा के दौरान रायपुर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button