छत्तीसगढ़बिलासपुर

रतनपुर NH पर दर्दनाक एक्सीडेंट: खड़े ट्रेलर से भिड़े दो वाहन, चालक केबिन में फंसे, घंटों जाम से थमा ट्रैफिक

बिलासपुर, 05 अगस्त 2026। रतनपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर ब्रेकडाउन होने के कारण खड़े एक ट्रेलर से पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर एक के बाद एक टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेलरों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कटर मशीन से केबिन काटकर दोनों चालकों को बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे यूपी नंबर का एक ट्रेलर ब्रेकडाउन होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा था। चालक ने इंडिकेटर चालू कर वाहन मालिक को सूचना दे दी थी। करीब 4:45 बजे बेलतरा की ओर से आ रहा एक ट्रेलर खड़े वाहन को नहीं देख सका और पीछे से उसमें जा घुसा। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहा तीसरा ट्रेलर भी दूसरे ट्रेलर से टकरा गया, जिससे तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद दोनों ट्रेलरों के चालक केबिन में फंस गए। पुलिस, डायल-112 और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। कटर मशीन से केबिन काटकर दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एक चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि दूसरे के कमर के नीचे गंभीर चोट लगी। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दुर्घटना के कारण तीनों ट्रेलर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आड़े-तिरछे खड़े हो गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद कई घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ब्रेकडाउन के कारण सड़क पर खड़े ट्रेलर और पीछे से आ रहे वाहनों की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button