छत्तीसगढ़

स्कूल कार्यालय में शराब पार्टी करने वाले दो शिक्षक निलंबित : वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद, 03 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्कूल परिसर में शराब पार्टी करने वाले दो शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने मामले की जांच जारी रखते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, मामला मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) का है। वायरल वीडियो में शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान स्कूल कार्यालय के भीतर शराब पीते और चखना करते नजर आए। वीडियो में यह भी दिखाई दिया कि उस समय कई छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में मौजूद थे, जबकि पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।

वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। मामले को गंभीर मानते हुए संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

निलंबन आदेश के मुताबिक, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट और संबंधित नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में अनुशासन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button