NEET में सफल आदिवासी छात्रों से CM साय का संवाद: बोले- संवेदनशील डॉक्टर बनें, विकसित छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी अब युवाओं पर

रायपुर, 2 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रयास आवासीय विद्यालयों के NEET-2026 में सफल विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि प्रदेश के प्रयास आवासीय विद्यालयों के गरीब एवं आदिवासी समुदाय के विद्यार्थियों ने नीट जैसी कठिन परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों का उद्देश्य दूरस्थ, आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता में माता-पिता का आशीर्वाद, गुरुजनों का समर्पण और विद्यार्थियों की कठोर मेहनत समान रूप से शामिल है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी भविष्य के डॉक्टर हैं। समाज में डॉक्टर का स्थान भगवान के बाद माना जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, व्यवहारिक और मिलनसार डॉक्टर बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मरीज के साथ अच्छा व्यवहार भी कई बार उपचार का माध्यम बन जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज, प्रदेश और देश की सेवा को सर्वोच्च दायित्व मानने का आह्वान किया।



मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शिक्षा सहित हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपनी संघर्षपूर्ण शिक्षा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज विद्यार्थियों को पहले की तुलना में कहीं अधिक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेशभर में नालंदा परिसर संचालित किए जा रहे हैं तथा 34 नए नालंदा परिसर निर्माणाधीन हैं, जहां 24×7 ऑनलाइन एवं ऑफलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली स्थित ट्रायबल यूथ हॉस्टल में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। वहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा दी जा रही है। इसी वर्ष वहां के 13 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। राज्य सरकार पांच नए मेडिकल कॉलेज भी स्थापित कर रही है, जिससे एमबीबीएस की 250 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों लोगों ने नशा नहीं करने की शपथ ली है। यह अभियान स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और अगले दो वर्षों तक संचालित होगा।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि युवा स्वस्थ, संस्कारित, परिश्रमी और नशामुक्त रहेंगे तो स्वस्थ छत्तीसगढ़ और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव होगा। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और मस्तिष्क को प्रभावित करता है, अपराध को बढ़ावा देता है और परिवारों को संकट में डाल देता है।
विद्यार्थियों के सवालों पर मुख्यमंत्री के प्रमुख जवाब
- शिक्षा: सरकार शिक्षा के संसाधनों का लगातार विस्तार कर रही है। छात्रवृत्ति योजनाएं, प्रयास विद्यालय, 34 नालंदा परिसर और विदेश अध्ययन सहायता जैसी योजनाएं विद्यार्थियों के लिए संचालित हैं।
- नई शिक्षा नीति: रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम, स्मार्ट क्लास, शिक्षक प्रशिक्षण, पेरेंट्स-टीचर मीटिंग, न्योता भोज और जवाहर उत्कर्ष योजना के माध्यम से सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाया जा रहा है।
- राजनीति और जनसेवा: मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति सेवा का प्रभावी माध्यम है, लेकिन कोई भी क्षेत्र छोटा नहीं होता। डॉक्टर बनकर भी समाज की बड़ी सेवा की जा सकती है।
- नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ और पर्यटन: मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 को प्रदेश नक्सलमुक्त हुआ। अब बस्तर और सरगुजा में पर्यटन उद्योग के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर विकसित होंगे।
- विकसित छत्तीसगढ़: प्रदेश खनिज संपदा, ऊर्जा उत्पादन, कृषि, सिंचाई, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं।
- खेल: खेलो इंडिया, फिट इंडिया, जशपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, आर्चरी अकादमी, खेल अलंकरण समारोह और ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि का उल्लेख किया गया।
- व्यक्तिगत संघर्ष: मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 वर्ष की आयु में पिता के निधन के बाद उन्होंने खेती कर परिवार की जिम्मेदारी संभाली और जो भी दायित्व मिला, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया।
- स्वच्छता: स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप मिला और लोगों की आदतों में सकारात्मक बदलाव आया।
- युवा शक्ति: उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और युवाओं में संस्कार, राष्ट्रभक्ति तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेशवासी अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 8 हजार अधिकारी शिकायतों के निराकरण से जुड़े हैं और डेढ़ माह में ही इस व्यवस्था को अच्छा प्रतिसाद मिला है।
अंत में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री डैशबोर्ड विकसित कर रही है, जिसके माध्यम से स्कूलों, अस्पतालों, शिक्षकों की उपस्थिति, राशन की उपलब्धता सहित विभिन्न सेवाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार का संकल्प है।



