अपराधछत्तीसगढ़
Trending

BREAKING: जमीन विवाद में शिक्षक की निर्मम हत्या, चचेरे भाइयों ने चाकू-हथौड़े से उतारा मौत के घाट

बलरामपुर, 20 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जमीन विवाद ने एक शिक्षक की जान ले ली। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में सोमवार सुबह प्राथमिक शाला कुम्हियापारा कृष्णनगर धमनी में पदस्थ शिक्षक जयकरन जगते की उनके ही चचेरे भाइयों ने चाकू और हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक जयकरन जगते सोमवार सुबह रोज की तरह बाइक से अपने स्कूल जा रहे थे। घर से करीब आधा किलोमीटर दूर सड़क किनारे पहले से घात लगाए बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों ने चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में जयकरन की गर्दन पर गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपियों का कहना है कि बंटवारा होने के बावजूद जयकरन उन्हें जमीन जोतने और नाप कराने नहीं दे रहे थे, जिससे दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

त्रिकुंडा थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि शिक्षक पर चाकू एवं हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button