Heatwave in Europe: 22 शहरों में रेड अलर्ट, जंगलों में लगी आग; फ्रांस, स्पेन और इटली में गर्मी का डबल अटैक

रोम, 30 जून 2026। यूरोप इन दिनों रिकॉर्डतोड़ हीटवेव की चपेट में है। पिछले एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी ने कई देशों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गर्मी से सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह की शुरुआत से फ्रांस, जर्मनी, स्पेन और इटली समेत कई देशों में तापमान फिर बढ़ सकता है।
इटली के 22 शहरों में रेड अलर्ट
हीटवेव का सबसे ज्यादा असर इटली और बाल्कन देशों में देखने को मिल रहा है। इटली के उत्तर में बोलजानो से लेकर दक्षिण में सिसिली के पलेर्मो तक 22 शहरों में रेड हीट वॉर्निंग जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है।
वेटिकन सिटी भी गर्मी की चपेट में
भीषण गर्मी का असर वेटिकन सिटी में भी देखने को मिला। ‘सेंट्स पीटर एंड पॉल’ पर्व के दौरान पोप के पारंपरिक संबोधन को सुनने पहुंचे श्रद्धालु तेज धूप से बचने के लिए छतरियों और हाथ के पंखों का सहारा लेते नजर आए।
क्रोएशिया में जंगलों में लगी आग
क्रोएशिया की राजधानी जगरेब और पर्यटन शहर स्प्लिट व डबरोवनिक समेत कई इलाकों में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। स्प्लिट से करीब 55 किलोमीटर दूर एड्रियाटिक सागर स्थित विस द्वीप के चीड़ के जंगलों में भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए दर्जनों दमकलकर्मियों के साथ चार विमानों को तैनात किया गया।
5-6 जुलाई से फिर बढ़ सकती है गर्मी
इटली की मौसम विज्ञान सोसायटी के अध्यक्ष लुका मर्काली के अनुसार, 5-6 जुलाई से एक नई हीटवेव आने की संभावना है। इसका असर फ्रांस, स्पेन, जर्मनी, इटली, स्विट्जरलैंड और कुछ हद तक ब्रिटेन में भी देखने को मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के साथ जंगलों में आग का खतरा भी बढ़ेगा, हालांकि कुछ इलाकों में भारी बारिश और तूफान की भी संभावना बनी हुई है।



