उत्तरप्रदेश
Trending

अतीक अहमद की कब्जाई जमीन पर गरीबों का बसेगा आशियाना : 200 से ज्यादा फ्लैट बनाएगा PDA, 12 लाख से शुरू होगी कीमत

प्रयागराज, 26 जून 2026।

कभी माफिया अतीक अहमद के कब्जे में रही जमीन अब गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आशियाना बनने जा रही है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने कसारी-मसारी आवासीय योजना में लगभग 12 हजार वर्गमीटर जमीन पर 200 से अधिक फ्लैट बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। जमीन की पैमाइश पूरी हो चुकी है और अगले छह महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

पीडीए के अनुसार, परियोजना में अधिकांश फ्लैट एलआईजी (लो इनकम ग्रुप) श्रेणी के होंगे, जिनकी अनुमानित कीमत 12 से 15 लाख रुपये के बीच रहेगी। इसके अलावा कुछ टू-बीएचके फ्लैट भी बनाए जाएंगे, जिनकी कीमत करीब 18 से 20 लाख रुपये तक हो सकती है।

20 साल पहले किया था कब्जा

बताया जा रहा है कि करीब दो दशक पहले अतीक अहमद ने अपने घर के सामने स्थित पीडीए की इस जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। अब प्रशासन ने जमीन को कब्जा मुक्त कराकर आवासीय परियोजना के लिए तैयार कर लिया है। लेखपाल की रिपोर्ट भी पीडीए अधिकारियों को सौंप दी गई है।

पीएम आवास योजना से भी मिलेगा लाभ

पीडीए इस परियोजना को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने की भी तैयारी कर रहा है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और आवासहीन परिवारों को कम कीमत पर घर उपलब्ध कराए जा सकें।

पहले भी बन चुके हैं फ्लैट

इससे पहले लूकरगंज में अतीक अहमद से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 76 फ्लैट बनाए जा चुके हैं। इन फ्लैटों का निर्माण लगभग 18 महीने में पूरा हुआ था और लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराया गया था।

पीडीए के अधिकारियों का कहना है कि नई परियोजना से बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को सस्ते दरों पर आवास उपलब्ध होगा और माफिया से मुक्त कराई गई जमीन का उपयोग जनहित में किया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button