खेल

इंडिया A टीम में बड़ा बदलाव: चोटिल युद्धवीर की जगह अशोक शर्मा की एंट्री, IPL में रफ्तार से बटोरी थी सुर्खियां

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज के बीच इंडिया A टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। IPL 2026 में अपनी रफ्तार से सुर्खियां बटोरने वाले युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। उन्हें चोटिल तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह के स्थान पर मौका दिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 23 वर्षीय अशोक शर्मा मंगलवार को कोलंबो रवाना होंगे और दांबुला में टीम से जुड़ेंगे। श्रीलंका में खेली जा रही इस ट्राई सीरीज में इंडिया A, श्रीलंका A और अफगानिस्तान A की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम फिलहाल संघर्ष कर रही है। टीम को लगातार दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। हाल ही में श्रीलंका A ने सुपर ओवर में भारत को 7 रन से हराया, जबकि इससे पहले अफगानिस्तान A ने DLS नियम के तहत 4 रन से मात दी थी।

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए अशोक शर्मा ने अपनी तेज गेंदबाजी से सभी का ध्यान खींचा था। उन्होंने 6 मैचों में 6 विकेट हासिल किए थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 90 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।

अशोक शर्मा की सबसे बड़ी ताकत उनकी रफ्तार मानी जाती है। वह 150 किमी प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करने के साथ-साथ 115 किमी प्रति घंटे की प्रभावी स्लोअर गेंद भी फेंकते हैं। उनकी इसी क्षमता ने गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल को भी प्रभावित किया था।

घरेलू क्रिकेट में भी अशोक ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 22 विकेट लेकर 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था और टूर्नामेंट के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे।

अब भारतीय टीम की नजरें 17 जून को अफगानिस्तान A के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले पर टिकी हैं। यह मैच रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां टीम जीत के साथ वापसी करने की कोशिश करेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button