छत्तीसगढ़ में ‘अर्नब’ का अलर्ट: 5 जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश के साथ 90 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर, 28 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं, जबकि बस्तर संभाग में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कई जिलों में बुधवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। चक्रवात के असर से रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ है।
28 अक्टूबर को इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
रेड अलर्ट: बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव।
ऑरेंज अलर्ट: कांकेर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़।
येलो अलर्ट: सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा और नारायणपुर।
29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है।
रेड अलर्ट: कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और बलरामपुर।
ऑरेंज अलर्ट: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और जांजगीर-चांपा।
येलो अलर्ट: सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर।
रायपुर में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
56 ट्रेनें रद्द या पुनर्निर्धारित, 15 के समय में बदलाव
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए दक्षिण तट रेलवे ने रेल परिचालन को लेकर एहतियाती कदम उठाए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, केके लाइन पर चलने वाली ट्रेनों सहित कुल 56 ट्रेन सेवाओं को रद्द या पुनर्निर्धारित किया गया है, जबकि 15 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। ये बदलाव 27, 28 और 29 अक्टूबर के लिए घोषित किए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और आपातकालीन नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें।
इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित
भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार शासकीय और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया है।
चक्रवात के खतरे को देखते हुए दंतेवाड़ा, बीजापुर, बालोद, कांकेर और राजनांदगांव में बुधवार, 28 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। संबंधित जिलों में जिला शिक्षा अधिकारियों ने कलेक्टरों के निर्देश पर यह निर्णय लिया है।
कांकेर में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की है। राहत शिविरों में भोजन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
प्रशासन की अपील: खराब मौसम में रहें सतर्क
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर खड़े होने, पेड़ों के नीचे रुकने और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। साथ ही, जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।



