छत्तीसगढ़रायपुर

विधवा से बैंक मैनेजर ने मांगी रिश्वत: मृत पति के खाते से पैसे निकालने के बदले लिए 5 हजार, VIDEO वायरल

बलौदाबाजार, 15 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की एक महिला मैनेजर का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि बैंक मैनेजर ने एक विधवा महिला से उसके मृत पति के खाते की रकम निकालने के बदले 10 हजार रुपए की मांग की थी। बाद में 5 हजार रुपए लेकर काम करने पर सहमति बनी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपनिया शाखा का है। शिकायतकर्ता खेलन बाई सतनामी ने जनदर्शन में कलेक्टर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। महिला ने रिश्वत के लेन-देन का वीडियो भी प्रशासन को सौंपा है, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए हैं।

पति के खाते में थे 1.10 लाख रुपए

शिकायतकर्ता खेलन बाई सतनामी के अनुसार, उनके पति रूपदास सतनामी का करीब एक साल पहले निधन हो गया था। उनके नाम से निपनिया शाखा में बैंक खाता था, जिसमें लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए जमा थे।

महिला का आरोप है कि खाते की राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में शाखा प्रबंधक अनिता पांडेय ने पहले 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी। बाद में 5 हजार रुपए देने पर काम करने की बात कही गई।

ग्रामीण ने बनाया वीडियो, हुआ वायरल

महिला जब अपने परिजनों के साथ बैंक पहुंची, उसी दौरान साथ आए एक ग्रामीण ने कथित रिश्वत लेन-देन का वीडियो बना लिया। वीडियो में बैंक मैनेजर महिला से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराती दिखाई दे रही हैं।

वायरल वीडियो में मैनेजर महिला के बेटे से पूछती हैं कि कितने रुपए लाए हो। बेटे द्वारा 5 हजार रुपए बताए जाने पर वह कथित तौर पर पैसे लेती दिखाई देती हैं। वीडियो में मैनेजर यह कहते हुए भी सुनाई दे रही हैं कि, “कभी भी आना हो तो मेरे पास आना।”

FIR और कार्रवाई की मांग

खेलन बाई ने आरोप लगाया कि पति के खाते की राशि निकालने के लिए उन्हें रिश्वत देने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने भी उठाए सवाल

भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी बैंक मैनेजर की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं और किसान भी उनके व्यवहार से परेशान रहे हैं।

विधायक ने दावा किया कि एक वर्ष पहले जब उन्होंने शिकायतों के संबंध में फोन पर बात की थी, तब अधिकारी ने कथित तौर पर कहा था, “मैं बिहारी हूं, जो करना है कर लो”, और फोन काट दिया था।

जांच के आदेश

बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(नोट: वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है।)

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button