2500 कार्यकर्ताओं के साथ भावना बोहरा ने मनाई दीपावली: पंडरिया में भव्य आयोजन, भोजन और संगीत के बीच दिखी भाजपा की एकजुटता

पंडरिया, 19 नवंबर 2026। विधायक भावना बोहरा द्वारा पंडरिया विधानसभा के ग्राम कोदवागोडान में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 2500 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। बूथ स्तर से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र, जनपद, नगर पालिका और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं ने एक साथ दीपावली की खुशियां मनाईं। इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया और संगीतमय कार्यक्रम के बीच सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के संकल्प से जुड़ा एक व्यापक परिवार है। इस परिवार की सबसे बड़ी ताकत उसका प्रत्येक कार्यकर्ता है, जो बिना किसी स्वार्थ के संगठन की विचारधारा, सिद्धांतों और राष्ट्रहित के लिए निरंतर काम करता है। भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने में कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, परिश्रम और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि चुनावी अभियान से लेकर जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता तक भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहता है। दीपावली मिलन समारोह केवल उत्सव नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आत्मनिर्भरता और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा, विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष और औद्योगिक क्षेत्रों में देश ने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया है। आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और हर घर स्वदेशी जैसे अभियान स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और छोटे व्यवसायियों को नई पहचान दे रहे हैं। स्वदेशी उत्पादों को अपनाना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है। पंडरिया विधानसभा में भी सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार की योजनाओं से किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना का लाभ मिल रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। पीएम जनमन सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ वनांचल और विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं। इस यात्रा में पार्टी के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, पदाधिकारियों का सहयोग और प्रत्येक कार्यकर्ता का परिश्रम सबसे बड़ी शक्ति है। संगठन की मजबूती तभी संभव है, जब सभी एक परिवार की तरह मिलकर राष्ट्र और समाज के हित में काम करें। अंत में उन्होंने समारोह में पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों का आभार जताते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में जिला अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार वैष्णव, जिला मंत्री मुकेश ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, रामकुमार भट्ट, राजेश्वरी महेंद्र धृतलहरे, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भुनेश्वर चंद्राकर, गोपाल साहू, जिला भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष उमंग पांडेय, हरीश लुनिया, जनपद पंचायत पंडरिया अध्यक्ष नंदिनी साहू, जनपद उपाध्यक्ष छत्रकिशोर तिवारी सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता, सभी मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



