
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 30 मई 2026। कोटमी साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूटकांड के मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। बिलासपुर रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग ने फरार आरोपियों का सुराग देने वाले व्यक्ति के लिए 30 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।
आईजी के मुताबिक, आरोपियों से जुड़ी सटीक जानकारी, फोटो या वीडियो उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से कई पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
दरअसल, पेंड्रा निवासी 50 वर्षीय ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी 26 मई को कोटमी साप्ताहिक बाजार में सोने-चांदी के जेवरों की दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपी सोने-चांदी के कीमती जेवर लूटकर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।



