निर्माणाधीन मकान में दो महिला समेत चार लोगों की संदिग्ध मौत से सनसनी : मिस्त्री ने सुबह देखा शव, पुलिस जांच जारी

जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़। जिले के ग्राम भवंतरा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक निर्माणाधीन मकान में चार लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
सुबह जब एक मिस्त्री काम पर पहुंचा तो उसने चारों को खाट पर बेसुध अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग मकान निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और वहीं अस्थायी रूप से रह रहे थे।
घटना की सूचना मिलने पर सरपंच ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस ने मामले में एक संदेही को हिरासत में लिया है, जो मृतकों का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उससे पूछताछ जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
Janjgir-Champa district, Chhattisgarh पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



