रायपुर पुलिस का एक्शन: अवैध हथियार लेकर घूम रहे जीसान अली को टिकरापारा थाना टीम ने दबोचा

रायपुर, 13 मई 2026// राजधानी में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। टिकरापारा थाना पुलिस ने लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले आदतन बदमाश जीसान अली उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बृज नगर स्थित गोलू किराना स्टोर के पास एक युवक द्वारा हथियार लहराकर लोगों को धमकाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने मशक्कत के बाद उसे दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान जीसान अली उर्फ मोनू (30) निवासी कबाड़ी चौक, मौदहापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वाले और लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



