उत्तरप्रदेश

सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या में बड़ा खुलासा: बलिया का राज सिंह अयोध्या से अरेस्ट, घर पर मिला ताला

बलिया/कोलकाता, 11 मई 2026। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बंगाल एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने इस मामले में तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश और बिहार से गिरफ्तार किया है। इनमें बलिया निवासी राज सिंह का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है, जिसे अयोध्या से गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के मुताबिक, राज सिंह बलिया शहर के आनंद नगर मोहल्ले का रहने वाला है। वह स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहा है और वॉर्ड नंबर-15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद से इलाके में चर्चा तेज हो गई है। सोमवार को उसके घर पर ताला लटका मिला।

बताया जा रहा है कि राज सिंह ने अपनी पढ़ाई महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से की है। उसने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का प्रदेश महासचिव बताया है। साथ ही “मिशन-2026” और चिलकहर ब्लॉक प्रमुख से जुड़े दावे भी किए गए हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, राज सिंह को अयोध्या में उस समय पकड़ा गया जब वह लखनऊ में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहा था। वहीं, इस मामले में मयंक मिश्रा और विक्की मौर्या को बिहार के बक्सर से गिरफ्तार किया गया है। बक्सर के कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव से भी पूछताछ की गई, लेकिन संलिप्तता नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, राज सिंह का नाम तीन साल पहले बलिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में हुए अंडा व्यापारी गोलीकांड में भी सामने आया था। हालांकि, उस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

बंगाल एसटीएफ की इस कार्रवाई के बाद बलिया पुलिस भी सतर्क हो गई है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की साजिश और आपराधिक नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button