सामूहिक विवाह समारोह में 40 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, विधायक भावना बोहरा ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

पंडरिया, 08 मई 2026। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोहगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 40 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सामाजिक न्याय, समानता और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत उदाहरण है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक भविष्य की मजबूत नींव रखने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच को भी दर्शाती है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेटियों का विवाह कई बार आर्थिक चुनौती बन जाता है, ऐसे समय में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना परिवारों के लिए सहारा बनकर सामने आती है।
विधायक बोहरा ने नवदंपत्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कारों का पवित्र मिलन होता है। परिवार और समाज की मजबूती से ही राष्ट्र सशक्त बनता है। उन्होंने सभी जोड़ों के सुखद, सफल और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, जनपद अध्यक्ष नंदनी साहू, जनपद उपाध्यक्ष छत्र किशोर तिवारी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप गोस्वामी और बालमुकुंद चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



