छत्तीसगढ़
Trending

नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाई गईं छत्तीसगढ़ की 35 युवतियां, बंधक बनाए जाने के आरोप से मचा हड़कंप

कांकेर। नौकरी दिलाने के नाम पर छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इनमें 15 युवतियां कांकेर जिले की बताई जा रही हैं, जबकि बाकी अन्य जिलों की हैं। एक युवती द्वारा मोबाइल से मदद का संदेश भेजे जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, युवतियों को नर्सिंग और अन्य काम दिलाने का झांसा देकर झारखंड के गढ़वा जिले ले जाया गया था। वहां पहुंचने के बाद उनसे जबरन काम कराया जा रहा था और बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा था। इसी बीच दुर्गुकोंदल क्षेत्र के खुटगांव की एक युवती ने अपने परिचित युवक को मोबाइल पर मैसेज भेजकर आपबीती बताई और मदद मांगी।

मैसेज मिलने के बाद परिजनों ने प्रशासन को सूचना दी। मामला सामने आते ही कांकेर जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए। गढ़वा जिला प्रशासन से संपर्क कर युवतियों की तलाश और सुरक्षित वापसी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने बताया कि झारखंड में युवतियों को बंधक बनाए जाने की शिकायत मिली है। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार संपर्क में है और सभी युवतियों को सकुशल वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों से चर्चा की गई है। कुछ युवतियां अपनी मर्जी से गई थीं, लेकिन अब उनमें से कई वापस लौटना चाहती हैं। प्रशासन की टीम उन्हें सुरक्षित वापस लाने में जुटी हुई है।

इस घटना के सामने आने के बाद मानव तस्करी और नौकरी के नाम पर युवाओं को फंसाने वाले गिरोहों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी का फायदा उठाकर युवतियों को दूसरे राज्यों में ले जाने का यह मामला बेहद गंभीर माना जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button