छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ेगा तूफान-बारिश का असर: अगले 3 दिनों में बढ़ेगा तापमान, फिर सताएगी तेज गर्मी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी-बारिश और तेज हवाओं का दौर अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से प्रदेश में गरज-चमक और तूफानी गतिविधियों में कमी आएगी, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इससे प्रदेश में एक बार फिर तेज गर्मी का असर देखने को मिलेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में आंधी और बारिश का असर रहा। गौरेला ओवरब्रिज के पास तेज हवा से पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए, वहीं मनेंद्रगढ़ के जनकपुर में पीपल का पेड़ जड़ सहित धराशायी हो गया। कांकेर के चारामा क्षेत्र में तेज बारिश के कारण NH-30 पर जलभराव की स्थिति बन गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव 41 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button