छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल : ऋचा शर्मा और मनोज पिंगुआ को बड़ी जिम्मेदारी, कई IAS अफसरों के तबादले और नए प्रभार

रायपुर, 06 मई 2026//छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के व्यापक तबादले और नए पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, साथ ही कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, ऋचा शर्मा को अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ विकास आयुक्त और महानिदेशक, ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मनोज कुमार पिंगुआ को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।

सुबोध कुमार सिंह को प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग के साथ छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। शहला निगार को महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है।

वित्त विभाग में डॉ. रोहित यादव को सचिव बनाया गया है, जिन्हें जनसंपर्क विभाग और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। डॉ. कमलप्रीत सिंह को स्कूल शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

कृषि क्षेत्र में परदेशी सिद्धार्थ कोमल को सचिव कृषि विकास एवं किसान कल्याण के साथ कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं रीना बाबा साहेब कंगाले को वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

अविनाश चंपावत को उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि मुकेश कुमार बंसल को लोक निर्माण, विमानन विभाग, मुख्यमंत्री सचिवालय और CGRIDC के प्रबंध संचालक सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। आर. शंगीता को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में शम्मी आबिदी को सचिव बनाया गया है, जिन्हें राहत एवं पुनर्वास आयुक्त और भू-अभिलेख आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। बसवराजू एस. को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

जिला स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। पुष्पा साहू को कोरिया, डॉ. संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, चंदन संजय त्रिपाठी को बलरामपुर-रामानुजगंज, संतन देवी जांगड़े को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और पद्मिनी भोई साहू को सारंगढ़-बिलाईगढ़ का कलेक्टर बनाया गया है। रेना जमील को सूरजपुर और विश्वदीप को बीजापुर जिले की कमान सौंपी गई है।

इसके अलावा, संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम आयुक्त के साथ स्मार्ट सिटी का प्रबंध संचालक बनाया गया है। श्याम लाल धावड़े को रायपुर संभाग का आयुक्त, महादेव कावरे को सहकारिता आयुक्त और पदुम सिंह एल्मा को आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है। सारांश मित्तर को क्रेडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि संजीव कुमार झा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को शासन ने प्रशासनिक कार्यों में गति और दक्षता लाने की दिशा में अहम कदम बताया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button