बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक 19 मई को : अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, 4 राज्यों के सीएम रहेंगे शामिल

रायपुर, 06 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक 19 मई को संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah करेंगे।
इस उच्चस्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह 18 मई की रात जगदलपुर पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 19 मई को वे बैठक की अध्यक्षता करेंगे और शाम को दिल्ली रवाना होंगे। इससे पहले मध्य क्षेत्रीय परिषद की पिछली बैठक लखनऊ में आयोजित की गई थी।
बैठक में चारों राज्यों के बीच सामाजिक-आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा व्यवस्था और अंतरराज्यीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। खास बात यह है कि नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के बाद यह पहली बड़ी केंद्रीय स्तर की बैठक मानी जा रही है।
राज्य प्रशासन ने केंद्र सरकार को पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों और लंबित मुद्दों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस बैठक को बस्तर के विकास और क्षेत्रीय सहयोग के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।



