छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को नया नेतृत्व, संगीता सिन्हा बनीं कार्यकारी अध्यक्ष, संगठन विस्तार और जमीनी मजबूती पर विशेष फोकस

रायपुर, 04 मई 2026// छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस (AIMC) की अध्यक्ष अलका लांबा ने संजारी बालोद से विधायक संगीता सिन्हा को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
जारी आदेश के अनुसार संगीता सिन्हा को यह जिम्मेदारी तब तक सौंपी गई है, जब तक प्रदेश संगठन में स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो जाती। इस निर्णय को संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति को ध्यान में रखते हुए अहम माना जा रहा है।
राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम के इस्तीफे के बाद से प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद रिक्त था, जिसे अब अस्थायी रूप से भर दिया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नए नेतृत्व के आने से संगठन में फिर से सक्रियता बढ़ेगी और जमीनी स्तर पर कार्यों को तेज किया जाएगा।
संगठन की प्राथमिकता अब बूथ स्तर तक महिला कांग्रेस को मजबूत करना, अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ना और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी बनाना है। माना जा रहा है कि संगीता सिन्हा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस को नई दिशा और गति मिलेगी।



