वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता : CM विष्णुदेव साय ने कलेक्टरों को सतत मॉनिटरिंग और जांच के दिए आदेश

रायपुर, 2 मई 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मध्य प्रदेश में हाल ही में हुई क्रूज हादसे की दुखद घटना के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ में संचालित सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों का सुदृढ़ता से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जन सुरक्षा के विषय में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही पूर्णतः अस्वीकार्य होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी, कोरबा सहित अन्य सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिन स्थलों पर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां सुरक्षा ऑडिट तत्काल सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वाटर स्पोर्ट्स स्थलों पर उपयोग में लाए जा रहे उपकरणों का नियमित तकनीकी परीक्षण, प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन की तैनाती तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु प्रभावी आपातकालीन प्रबंधन तंत्र सक्रिय रखा जाए। साथ ही रेस्क्यू उपकरण, लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता और कार्यशील स्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि कलेक्टर इन व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं संचालकों की जवाबदेही तय कर आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इसलिए आवश्यक है कि सभी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित और मानक अनुरूप संचालित हों, ताकि संभावित जोखिमों का प्रभावी प्रबंधन किया जा सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्देश दिए कि इन सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा इसकी रिपोर्ट समय-समय पर राज्य सरकार को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सतर्कता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य कर ही जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।



