रायपुर के सड्डू में प्लास्टिक फैक्ट्री में आग, काला धुआं फैलने से दहशत; राहत-बचाव जारी, नुकसान का आंकलन बाकी

रायपुर, 30 अप्रैल 2026// राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में गुरुवार को एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को जानकारी दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री में रखे प्लास्टिक और अन्य सामान को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का सही आंकलन अभी नहीं हो सका है।
प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है।



