छत्तीसगढ़
Trending
तैरना सिखाने के दौरान नहर में बहे पिता-बेटी: तेज बहाव में हुआ हादसा, पिता का शव मिला, बेटी की तलाश जारी

बालोद, 28 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तांदुला नहर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पीपरछेड़ी गांव के पास नहर में तैरना सिखाने के दौरान पिता और 12 साल की बेटी तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद इलाके में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर (35) अपनी बेटी पल्लवी गंजीर (12) को तैरना सिखा रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बह गए। मौके पर मौजूद एक अन्य बच्ची दामिनी को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचा लिया।
रेस्क्यू टीम ने देर रात तक चले अभियान में यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया है, जबकि बेटी पल्लवी की तलाश अभी भी जारी है। तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव भी कम कराया गया ताकि खोज अभियान में मदद मिल सके।
गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



