मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान के प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य मुलाकात: निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार पर विस्तृत चर्चा, जापानी कंपनियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश बढ़ाने की जताई इच्छा

रायपुर, 25 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जापान से आए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण राज्य तेजी से एक उभरते हुए निवेश गंतव्य के रूप में पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि जापान जैसे तकनीकी रूप से अग्रणी देश के साथ सहयोग राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया जापान प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां की उन्नत तकनीक, प्रबंधन कौशल और औद्योगिक विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में लिया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सहयोग से राज्य में औद्योगिक आधार मजबूत होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि निवेशकों को पारदर्शी, सरल और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपने उद्योगों का विस्तार कर सकें।
जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति और निवेश अनुकूल वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग स्थापना और विस्तार के लिए मजबूत आधार तैयार हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी संकेत दिया कि वे छत्तीसगढ़ में अपने निवेश को और बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफसेनल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित तथा हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान उपस्थित रहे।
बैठक को राज्य के औद्योगिक विकास, विदेशी निवेश और तकनीकी साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में छत्तीसगढ़ और जापान के बीच सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है।



