जांजगीर में नकाबपोशों का तांडव: घर में घुसकर फायरिंग, व्यापारी के बेटे की मौत, दूसरा बेटा घायल

जांजगीर चाम्पा, 24 अप्रैल 2026/ जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहि गांव में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। रात करीब 12 बजे तीन नकाबपोश बदमाश व्यापारी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस आए और परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
इस हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आयुष को सीने और कनपटी में गोली लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबक गए। शुरुआती जांच में मामला लूटपाट से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन परिजन इसे रेत कारोबार से जुड़ी पुरानी रंजिश का नतीजा बता रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और एएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।



