अपराधछत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में दिनदहाड़े लूट: थार सवार बदमाशों ने कारोबारी से 1 लाख छीने, मारपीट में घायल

रायपुर, 21 अप्रैल 2026/ रायपुर में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। आमानाका थाना क्षेत्र में तीन बदमाशों ने थार गाड़ी से आकर एक कारोबारी पर हमला किया और उससे 1 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, पंडरी के ताज नगर मस्जिद के पास रहने वाले 40 वर्षीय जफर इकबाल होम डेकोर का काम करते हैं। सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे वे बाइक से टाटीबंध से कुम्हारी की ओर जा रहे थे। उनके पास एक काले बैग में 1.50 लाख रुपए थे, जो उन्हें अपने दोस्त को देने थे।

चंदनडीह पुल के पास जाम होने पर वे नीचे के रास्ते से निकले और दुर्गा मंच के पास पानी पीने के लिए रुके। तभी करीब 3 बजे काले रंग की थार (CG-07-CS-7739) में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। एक आरोपी नीचे उतरा और बैग छीनने लगा। विरोध करने पर बदमाशों ने जफर के साथ मारपीट की और बैग गाड़ी में डालकर भाग निकले।

कुछ दूरी पर आरोपियों ने बैग वापस फेंक दिया, लेकिन उसमें सिर्फ 50 हजार रुपए ही थे। बाकी 1 लाख रुपए लेकर बदमाश फरार हो गए। पीड़ित ने उनका पीछा करते हुए कैवल्य धाम मंदिर तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी वहां से भी भाग निकले।

हमले में जफर के हाथ और सीने में चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस जांच जारी
आमानाका पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button