महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं सारा अर्जुन: मां के जन्मदिन पर उज्जैन पहुंचीं, बोलीं- अद्भुत है अनुभव

उज्जैन। फिल्म ‘धुरंधर’ से चर्चित अभिनेत्री सारा अर्जुन शनिवार को उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आईं।
बताया जा रहा है कि सारा अपनी मां सान्या अर्जुन के जन्मदिन के मौके पर परिवार के साथ उज्जैन आई थीं। उनके साथ पिता राज अर्जुन भी मौजूद रहे। नंदी हाल में पूजन कर उन्होंने जल अर्पित किया और करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए।
दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने उनका स्वागत किया। सारा ने कहा कि महाकाल की भस्म आरती का अनुभव शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने भगवान से स्वास्थ्य, समृद्धि और सफलता की कामना की।
करियर की बात करें तो सारा अर्जुन ने बचपन से विज्ञापनों के जरिए अपने अभिनय की शुरुआत की और 100 से अधिक एड फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने तमिल और हिंदी फिल्मों में अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में आई फिल्म ‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में उन्होंने यालीना जमाली का किरदार निभाया है, जिससे उन्हें खास पहचान मिली है।



