“हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके” का सपना हुआ सच, अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता फ्लाइट का शुभारंभ

रायपुर, 30 मार्च 2026: प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी से अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह परिकल्पना रही है कि “हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके” और छत्तीसगढ़ में यह सपना अब साकार होता दिख रहा है। उन्होंने सरगुजा अंचल के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय सांसद के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सुविधा संभव हो पाई है।
उन्होंने बताया कि राजधानी दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव होने से व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और हाल ही में बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा भी प्रारंभ हुई है। बजट में ‘सीजी वायु’ योजना के माध्यम से घरेलू विमान सेवाओं के सुचारू संचालन का भी प्रावधान किया गया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अंबिकापुर (दरिमा) में 72-सीटर विमान के संचालन से दिल्ली–अंबिकापुर–कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रदेश को बड़ी सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के साथ-साथ दक्षिण छत्तीसगढ़ में जगदलपुर में भी एयर कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से केबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने भी मुख्यमंत्री को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।
अंबिकापुर, सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के साथ-साथ उत्तर छत्तीसगढ़ का प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक और वाणिज्यिक केंद्र है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा और खनिज भंडार से समृद्ध है। मैनपाट, तातापानी और विविध जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों के कारण यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी मौजूद हैं।
हवाई सेवा के प्रारंभ होने से सरगुजा संभाग सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जुड़ जाएगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने में मदद मिलेगी।
एलायंस एयर का फ्लाइट शेड्यूल (सप्ताह में 4 दिन):
- दिल्ली रूट:
- सोमवार (फ्लाइट नं. 91613): दिल्ली → बिलासपुर → अंबिकापुर (सुबह 11:35)
वापसी: अंबिकापुर → दिल्ली (दोपहर 12:00) - बुधवार (फ्लाइट नं. 91614): दिल्ली → अंबिकापुर (सुबह 10:25) → बिलासपुर → दिल्ली (दोपहर 12:00)
- सोमवार (फ्लाइट नं. 91613): दिल्ली → बिलासपुर → अंबिकापुर (सुबह 11:35)
- कोलकाता रूट:
- गुरुवार (फ्लाइट नं. 91765): कोलकाता → अंबिकापुर (सुबह 08:50) → बिलासपुर → कोलकाता (सुबह 09:15)
- शनिवार (फ्लाइट नं. 91763): कोलकाता → बिलासपुर → अंबिकापुर (सुबह 10:00) → कोलकाता (सुबह 10:25)
माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास:
केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अंतर्गत एयरपोर्ट का विस्तार कर रनवे को 1500 मीटर से 1800 मीटर किया गया, जिससे एटीआर जैसे बड़े विमान संचालित हो सकेंगे। टर्मिनल भवन का उन्नयन 72 यात्रियों के अनुसार किया गया है। एयरपोर्ट में लगभग 100 वाहन की पार्किंग और टर्मिनल तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी कराया गया। सिविल एवं विद्युतीकरण कार्य हेतु कुल रू. 48.25 करोड़ स्वीकृत किए गए थे।
इस नई हवाई सेवा से न केवल सरगुजा बल्कि छत्तीसगढ़ के पूरे उत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और प्रदेश के व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसरों में नई रफ्तार आएगी।



