इचकेला की बालिका क्रिकेट टीम की बेटियों को CM विष्णु देव साय ने किया सम्मानित, क्रिकेट किट देकर बढ़ाया उत्साह

रायपुर, 28 मार्च 2026।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम में ग्राम इचकेला की बालिका क्रिकेट खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उन्हें क्रिकेट किट प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रतिभाशाली बेटियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल जशपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इचकेला के शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की बालिकाएं लगातार क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। वर्तमान में 17 खिलाड़ी अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में राज्य टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि करीब 40 बालिकाएं नियमित अभ्यास में जुटी हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में सरगुजा संभाग ने 25 साल बाद अंडर-17 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता, जिसमें 11 में से 9 खिलाड़ी इचकेला से थीं। वहीं अंडर-19 में भी रजत पदक हासिल किया गया, जिसमें 8 खिलाड़ी इसी समूह की रहीं। रायगढ़ में आयोजित इंटर-स्टेट टूर्नामेंट 2025 में भी टीम ने पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच संतोष शंकर सोनी और पंडरी बाई के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में ग्रामीण बेटियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना बेहद प्रेरणादायक है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन प्रदान करेगी, ताकि छत्तीसगढ़ खेलों में नई ऊंचाइयों को छू सके।



