रायपुर में GST की बड़ी कार्रवाई: लक्ष्मी कमर्शियल और SRS ट्रेडर्स पर छापा, फर्जी बिलिंग का खुलासा

रायपुर, 26 मार्च 2026/ राजधानी रायपुर में स्टेट GST विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी कमर्शियल और SRS ट्रेडर्स के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स समेत चार अलग-अलग लोकेशनों पर एक साथ की गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 10 अधिकारियों की टीम सुबह से ही जांच में जुटी हुई है। दोनों फर्मों के खिलाफ GST चोरी और बोगस बिलिंग की शिकायत मिलने के बाद यह रेड की गई।
छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में फर्जी बिल, संदिग्ध ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। जब्त दस्तावेजों और डाटा की गहन जांच की जा रही है, जिससे टैक्स चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल GST विभाग की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।



