गोंडवाना सामूहिक विवाह में पहुंचे CM साय, 28 जोड़े बने जीवनसाथी; सामुदायिक भवन और सड़क निर्माण को मंजूरी

रायपुर | 23मार्च 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान में आयोजित गोंडवाना आदर्श सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर 28 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। यह आयोजन बावनगढ़ आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज तुरतुरिया माता महासभा लवन के तत्वावधान में हुआ, जिसमें पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कसडोल नगर में कंवर समाज के लिए सामुदायिक भवन, नगर पंचायत पलारी में सामुदायिक भवन तथा ग्राम ओड़ान में बड़ादेव ठाना में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए क्रमशः 50-50 लाख और 25 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही शनि मंदिर से बड़ादेव ठाना तक सीसी रोड निर्माण को भी मंजूरी दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार आदिवासी समाज के समग्र उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय जल, जंगल और जमीन के संरक्षक हैं और उनकी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के लिए इस वर्ष 200 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, वहीं “प्रधानमंत्री जनमन योजना” भी जनजातीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने आदिवासी परंपराओं के संरक्षण के लिए “मुख्यमंत्री सम्मान निधि” का उल्लेख करते हुए कहा कि बैगा, गुनिया और सिरहा को हर साल 5 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण का दाम 4 हजार से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि वनोपज संग्रहण करने वाले आदिवासियों की सुविधा के लिए चरण पादुका वितरण योजना फिर से शुरू की गई है, जिसके लिए बजट में 60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सामूहिक विवाह की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और फिजूलखर्ची पर रोक लगाते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 6 हजार से अधिक जोड़ों का विवाह हुआ, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।
कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।



