BREAKING खल्लारी माता मंदिर में बड़ा हादसा: रोप-वे का केबल टूटा, ट्रॉली गिरने से 8 श्रद्धालु घायल, नवरात्रि में मची अफरा-तफरी

महासमुंद, 22 मार्च 2026।
चैत्र नवरात्रि के बीच छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार सुबह मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पहाड़ी पर चल रहे रोप-वे का मुख्य केबल अचानक टूट गया।
केबल टूटते ही हवा में झूल रही ट्रॉली अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे के वक्त ट्रॉली में श्रद्धालु सवार थे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले जोरदार धमाके जैसी आवाज आई और फिर ट्रॉली तेजी से नीचे आ गिरी।
इस हादसे में ट्रॉली में सवार 8 श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर मौजूद मंदिर प्रबंधन और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर रोप-वे सेवा को तुरंत बंद कर दिया गया है।
नवरात्रि के चलते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में प्रशासन अब सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने में जुट गया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।



