हैदराबाद से सरगुजा तक फैले नशे के सिंडिकेट का भंडाफोड़: मास्टरमाइंड समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, ATM से चलता था पूरा नेटवर्क

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिरमिरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
हैदराबाद से जुड़ा था नेटवर्क
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह हैदराबाद से सरगुजा संभाग तक नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई करता था। सबसे पहले पुलिस ने मास्टरमाइंड रसल एक्का को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर वैंदला वासु (हैदराबाद) और रजत कुमार (सूरजपुर) समेत अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा गया।
ATM और डिजिटल ट्रांजेक्शन से चलता था खेल
गिरोह का नेटवर्क बेहद शातिर तरीके से संचालित हो रहा था। नशीले पदार्थों की बिक्री से मिली रकम को ATM और डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर छिपाया जाता था। इससे पुलिस की नजर से बचने की कोशिश की जाती थी।
फाइनेंशियल नेटवर्क भी किया ध्वस्त
पुलिस ने सिर्फ तस्करी ही नहीं, बल्कि इस पूरे अवैध कारोबार के फाइनेंशियल सिस्टम को भी ट्रैक कर ध्वस्त कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से सरगुजा क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े नशा नेटवर्क का अंत हुआ है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



