CG ACB ट्रैप: नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल को रिश्वत लेते गिरफ्तार, 8 हजार रुपये जब्त

जांजगीर-चांपा/बिलासपुर, 20 मार्च 2026 – भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। एसीबी बिलासपुर इकाई ने जांजगीर जिले में नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने शिकायत की थी कि उसके फर्म द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र में वित्त वर्ष 2024-25 के अधोसंरचना और मरम्मत कार्य के लिए जारी होने वाला 2,03,000 रुपये का चेक मिलने के एवज में लेखापाल ने कुल 16,000 रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायत के अनुसार अब्दुल ने पहले ही 6,000 रुपये दे दिए थे और शेष 10,000 रुपये देने से इनकार कर ट्रैप की योजना बनाई।
जांच में शिकायत सही पाई गई और आरोपी ने 10,000 रुपये की बजाय 8,000 रुपये लेने की सहमति दे दी। एसीबी टीम ने प्रार्थी के साथ भेजी गई राशि आरोपी के हाथ में लेते ही ग्राम सेमरा के पास उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद की गई राशि 8,000 रुपये थी। आरोपी के खिलाफ धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।



