छत्तीसगढ़
Trending

मां बम्लेश्वरी दर्शन आसान: नवरात्रि पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनें डोंगरगढ़ में रुकेंगी, अतिरिक्त सुविधाएं शुरू

रायपुर। चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। खासकर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से स्टॉपेज देने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा 19 से 27 मार्च तक 4 लोकल ट्रेनों का विस्तार किया गया है और डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच विशेष ट्रेन भी चलाई जा रही है।

इस बार नवरात्रि को लेकर देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में एनआरआई और विदेशी श्रद्धालुओं ने भी ज्योति कलश जलवाने के लिए पहले से बुकिंग कराई है। मंदिरों में विशेष सजावट, आरती और पूजा-अर्चना की भव्य तैयारियां की गई हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। डोंगरगढ़ में पैदल यात्रियों के लिए बस सेवा, निशुल्क भंडारा, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। वहीं, रतनपुर के महामाया मंदिर में भी श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए करीब 20 एकड़ में विशाल पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार की नवरात्रि खास मानी जा रही है। वर्षों बाद ऐसा संयोग बना है जब कलश स्थापना अमावस्या तिथि में हो रही है, साथ ही शुक्ल और ब्रह्म योग का दुर्लभ संयोग इस पर्व के महत्व को और बढ़ा रहा है।

नवरात्रि के पावन अवसर पर पूरे प्रदेश में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button