खेलछत्तीसगढ़

भिलाई में अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता: 29 टीमें आमने-सामने, समापन में सीएम साय करेंगे सम्मान

दुर्ग/भिलाई, 23 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ को इस वर्ष 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 27 फरवरी तक भिलाई स्थित प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के खेल परिसर में किया जा रहा है। देशभर के राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय सुरक्षा बलों सहित आईबी, रॉ और सीबीआई जैसी एजेंसियों की कुल 29 टीमें इसमें भाग ले रही हैं। लगभग 450 खिलाड़ी, कोच और टीम मैनेजर प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं।

तीन इवेंट में 180 पदकों के लिए मुकाबला

प्रतियोगिता में इंडियन राउंड, रिकर्व और कंपाउंड—इन तीनों वर्गों में मुकाबले होंगे। कुल 180 पदकों के लिए खिलाड़ी निशाना साधेंगे। छत्तीसगढ़ पुलिस के 12 खिलाड़ी भी विभिन्न वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और कोच भी इस आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा हो गया है।

भव्य स्वागत और बेहतर व्यवस्थाएं

राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, आईटीबीपी और एसएसबी सहित विभिन्न राज्यों व बलों के खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पुलिस ने पारंपरिक गमछा और गुलदस्ता देकर स्वागत किया। प्रतिभागियों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था प्रथम वाहिनी परिसर में की गई है। आयोजन की जिम्मेदारी डीआईजी सदानंद कुमार को सौंपी गई है, जो तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

गृह मंत्री करेंगे उद्घाटन, मुख्यमंत्री समापन में होंगे शामिल

23 फरवरी को गृहमंत्री विजय शर्मा प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। 27 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समापन समारोह में शामिल होकर विजेताओं को सम्मानित करेंगे। पुलिस मुख्यालय नया रायपुर की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

छत्तीसगढ़ में पहली बार इतने बड़े स्तर पर पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिससे राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button