तिल्दा में 30 लाख के विकास कार्यों की सौगात: विधायक अनुज शर्मा ने किया भूमिपूजन, उत्कृष्ट सरपंचों का सम्मान

तिल्दा। तिल्दा जनपद पंचायत कार्यालय में आयोजित ‘त्रिस्तरीय पंचायत सम्मेलन’ में धरसीवां विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाले जनपद भवन सभागृह और 10 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही विभिन्न ग्राम पंचायतों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि सरपंच लोकतंत्र की जमीनी नींव को मजबूत करने वाले प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि सरपंच केवल पद नहीं, बल्कि गांव के मुखिया और परिवार के बड़े सदस्य की भूमिका निभाते हैं। जिन सरपंचों को सम्मान मिला है, उन्होंने सीमित संसाधनों में भी गांव की तस्वीर बदलने का उदाहरण पेश किया है।
उन्होंने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था में जनपद और ग्राम पंचायत की मजबूत कड़ी ही विकास का आधार है। जनप्रतिनिधि जनता और सरकार के बीच सेतु हैं। आज 30 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है। सरकार का लक्ष्य विकास की राशि को गांव की गलियों और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना, युवाओं को रोजगार और किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, उपाध्यक्ष दुलारी सुरेंद्र वर्मा सहित शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, स्वाति वर्मा, वेदराम मनहरे, राजू शर्मा, मिथिलेश साहू, रोशन यादव और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।



