छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर का दमदार प्रदर्शन: 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 189 अंक के साथ छठे स्थान पर रहा

रायपुर, 07 सितम्बर 2026 स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर नगर पालिक निगम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर ने 189 अंक प्राप्त कर छठा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि शहर में वायु गुणवत्ता सुधार और प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

पीएम-10 के स्तर में करीब 18 प्रतिशत की कमी

रायपुर में वायु गुणवत्ता सुधार की सकारात्मक तस्वीर भी सामने आई है। शहर में पीएम-10 का स्तर वर्ष 2022-23 में 78 µg/m³ था, जो घटकर वर्ष 2025-26 में 64 µg/m³ रह गया। इस तरह वर्ष 2022-23 की तुलना में पीएम-10 के स्तर में करीब 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

वर्षपीएम-10 स्तर (µg/m³)
2017-1870
2018-1968
2019-2063
2020-2155
2021-2261
2022-2378
2023-2476
2024-2575
2025-2664

वार्ड स्तर पर भी रायपुर का उत्कृष्ट प्रदर्शन

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 की राज्य स्तरीय वार्ड रैंकिंग में भी रायपुर नगर निगम के वार्डों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। वार्ड क्रमांक 46 को 30 हजार से अधिक आबादी वाली श्रेणी में, जबकि वार्ड क्रमांक 30 को 10 हजार से 30 हजार आबादी वाली श्रेणी में स्थान मिला है। यह उपलब्धि वार्ड स्तर पर वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ पर्यावरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।

सड़क सफाई से लेकर ई-मोबिलिटी तक कई प्रयास

रायपुर नगर निगम की ओर से स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के लिए कई स्तरों पर काम किए जा रहे हैं। करीब 100 किलोमीटर सड़कों पर पैच रिपेयर का कार्य किया गया है। वहीं 7 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन करीब 150 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा रही है।

शहर में 30 ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा रायपुर में करीब 26,254 ई-वाहन संचालित हो रहे हैं। कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए शहर में 10 कचरा ट्रांसफर स्टेशन भी बनाए गए हैं।

42 हजार पौधों का रोपण, मियावाकी प्लांटेशन पर जोर

हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए वर्ष 2025-26 में करीब 42 हजार पौधों का रोपण किया गया। इसमें 3 एकड़ क्षेत्र में 23 हजार पौधों का मियावाकी प्लांटेशन भी शामिल है। नगर निगम के अनुसार मियावाकी पौधरोपण में 91.30 प्रतिशत पौधे जीवित हैं। शहरी क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

महापौर और आयुक्त ने बताया सामूहिक प्रयास का परिणाम

महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने रायपुर के छठे स्थान पर आने को शहर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल रैंकिंग में सुधार करना नहीं है, बल्कि रायपुर को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहर बनाना है। इसके लिए आने वाले समय में सड़क सफाई, धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्र विस्तार, ई-मोबिलिटी और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button